बिलासपुर

बिलासपुर हत्याकांड: पहले बेरहमी से पीटा, फिर धारदार हथियार से उतारा मौत के घाट, शव जंगल में फेंका; दो आरोपी गिरफ्तार

भुवनेश्वर बंजारे

बिलासपुर – सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के फदहाखार जंगल में युवक की हत्या कर शव छिपाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर 28 वर्ष और घनंजय धुरी उर्फ आदि 20 वर्ष शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते ओमप्रकाश लहरे पर धारदार हथियार से हमला किया था। हत्या के बाद शव को फदहाखार जंगल में फेंक दिया गया था।पुलिस के मुताबिक घटना 27 सितंबर 2026 की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच मैट्रिक चौक के पास हुई। पुराने विवाद को लेकर सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर, घनंजय धुरी और उनके अन्य साथियों ने ओमप्रकाश लहरे के साथ मारपीट की। इसी दौरान धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को छिपाने के उद्देश्य से फदहाखार जंगल में ले जाकर फेंक दिया।

28 सितंबर को मर्ग जांच के दौरान खुला मामला
28 सितंबर को मर्ग क्रमांक 78/2026 की जांच के दौरान पुलिस टीम और सीन ऑफ क्राइम यूनिट मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण और पूछताछ करने पर हत्या की पूरी कहानी सामने आई। इसके बाद सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध क्रमांक 703/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और थाना प्रभारी निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। मुखबिर तंत्र सक्रिय कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया है। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

BREAKING