Uncategorized

बिजली बंद का भरोसा बना मौत का कारण: छत पर रॉड डालते समय 11 KV की चपेट में आया मजदूर, मल्हार पुलिस ने 3 महीने बाद दर्ज किया मामला

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम बकरकुदा में करीब तीन महीने पहले करंट लगने से हुई मजदूर सुखचन्द्र कुर्रे की मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद मेलु राम नवरंगे के खिलाफ धारा 106 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोप है कि बिजली बंद होने की बात कहकर छत पर रॉड डालने के दौरान रॉड 11 केवी की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। मामले की अग्रिम जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मल्हार पुलिस सहायता केंद्र ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

24 जुलाई को हुआ था हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 24 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे की है। ग्राम बकरकुदा में मेलु राम नवरंगे के घर पर काम चल रहा था। इस दौरान मजदूर सुखचन्द्र कुर्रे छत पर रॉड डाल रहा था। आरोप है कि मेलु राम नवरंगे ने मजदूरों को बिजली बंद करा देने की बात कही थी। इसी भरोसे में छत पर रॉड डालते समय वह 11 केवी की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। इससे सुखचन्द्र करंट की चपेट में आ गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

करंट लगने के बाद सुखचन्द्र को पीछे स्थित तालाब की ओर फेंके जाने का उल्लेख पुलिस जांच में सामने आया है। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी ले जाया गया, जहां 24 जुलाई को सुबह 9:55 बजे उसे भर्ती किए जाने संबंधी अस्पतालीन मेमो जारी हुआ। अस्पताल के दस्तावेजों में मृत्यु का कारण बिजली का करंट लगना बताया गया है।

मर्ग जांच के बाद दर्ज हुआ अपराध

मामले में मस्तूरी थाने में मर्ग  जांच की जा रही थी। अग्रिम जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों  और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल निरीक्षण के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया लापरवाही से मौत होने का मामला पाया। इसके बाद मल्हार पुलिस सहायता केंद्र में मेलु राम नवरंगे के खिलाफ धारा 106 बीएनएस के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

BREAKING