मुंगेली में नशे के नेटवर्क पर प्रहार, 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर सहित चार तस्कर पहुंचे सलाखों के पीछे..


भुवनेश्वर बंजारे
मुंगेली – नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री की तैयारी कर रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ब्राउन शुगर खरीदकर मुंगेली लाए थे और यहां छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की तैयारी में जुटे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 1 लाख 65 हजार 80 रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, भारत सरकार के नशा मुक्त भारत पखवाड़ा अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन बाज के तहत साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को यह सफलता मिली है।
मामले का खुलासा 14 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के बाद हुआ। पुलिस को जानकारी मिली कि सरदार पटेल वार्ड निवासी सुरेंद्र पटेल के घर के पीछे स्थित बाड़ी में चार व्यक्ति ब्राउन शुगर बिक्री के लिए रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस ने वहां मौजूद चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो तीन पैकेट में कुल 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
बस से प्रयागराज पहुंचे, खरीदकर लाए नशे का सामान
पूछताछ में सामने आया कि जयकुमार साहू, दीपक यादव और रोशन पटेल 13 नवंबर को बस से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) गए थे। वहां से ब्राउन शुगर खरीदकर मुंगेली लाए। इसके बाद 14 नवंबर को जयकुमार, दीपक, रोशन और देवा उर्फ वेदव्यास साहू मिलकर नशे की बिक्री की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की मदद से ब्राउन शुगर को छोटी-छोटी पुड़िया में बांटने की योजना थी।
चारों आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयकुमार साहू 21 वर्ष, दीपक यादव 22 वर्ष, रोशन पटेल 20 वर्ष और देवा उर्फ वेदव्यास साहू 23 वर्ष, सभी निवासी मुंगेली के रूप में हुई है। पुलिस ने 59 हजार रुपये कीमत की ब्राउन शुगर और 1 लाख 6 हजार 80 रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन सहित इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त की है। चारों के खिलाफ सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 427/2026 के तहत धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। 15 नवंबर को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी भोजराम पटेल ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


