मानवता की मिसाल बनी दाऊदी बोहरा जमात, रक्तदान और निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में उमड़ा जनसैलाब.

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर– रविवार को शहर में इंसानियत और सेवा का एक अनूठा संगम देखने को मिला। दाऊदी बोहरा जमात बिलासपुर द्वारा जमात द्वारा संचालित मदरसे में रक्तदान शिविर और निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भव्य आयोजन किया गया। जज़्बा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी के संयोजक संजय मतलानी के नेतृत्व में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में न सिर्फ जमात के लोग, बल्कि आसपास के क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया। शिविर की व्यवस्था इतनी सुंदर और व्यवस्थित थी,कि आने वाले हर व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के जांच और परामर्श की सुविधा मिली। सुबह से ही मदरसे परिसर में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। महिलाएं, बुजुर्ग, युवा सभी शिविर में बढ़-चढ़कर शामिल हुए।
शिविर का संचालन और सफल आयोजन शब्बीर बंदुकवाला, ताहेर भारमल, जोहेर भारमल, अब्दुलहुसैन, अदनान वनक और उनके सहयोगियों द्वारा किया गया। सुबह से ही सभी कार्यकर्ता व्यवस्था में जुटे रहे। आने वाले लोगों के बैठने, पानी, पंजीयन और जांच की अलग-अलग व्यवस्था की गई थी। शिविर में निशुल्क सेवाएं जज़्बा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी और संजय मतलानी की टीम द्वारा दी गईं। उनकी टीम ने पूरे शिविर के दौरान लोगों की मदद की और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा।
शिविर में शहर के जाने-माने चिकित्सकों की टीम ने दी निशुल्क सेवा..
शिविर में डॉ. समर्थ शर्मा, ग्लोबल गैस्ट्रो एवं लीवर रोग विशेषज्ञ की टीम ने पेट, गैस, एसिडिटी, लिवर, पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियों की जांच की। डॉ. शर्मा ने लोगों को लिवर को स्वस्थ रखने, खान-पान में सावधानी बरतने और समय पर जांच कराने के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में पेट और लिवर की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, इसलिए जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। वहीं डॉ. यशवंत दुबे, अर्पण शुगर क्लिनिक की टीम ने शुगर, ब्लड प्रेशर और सामान्य स्वास्थ्य की जांच की। लोगों को डायबिटीज से बचाव, खान-पान और दैनिक दिनचर्या को लेकर विशेष परामर्श दिया गया। उसके साथ बिलासा ब्लड सेंटर की विशेष टीम ने रक्तदान शिविर की पूरी जिम्मेदारी संभाली। उनकी टीम ने रक्तदाताओं की पहले जांच की, फिर पूरी सुरक्षा और स्वच्छता के साथ रक्त संग्रह किया।
35 रक्तदाताओं ने निभाया मानवता का फर्ज
रक्तदान शिविर में दाऊदी बोहरा जमात के करीब 35 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। खास बात यह रही कि इनमें 4 महिलाएं भी शामिल रहीं, जिन्होंने आगे आकर समाज की महिलाओं के लिए भी एक मिसाल पेश की। शिविर में दुर्लभ माने जाने वाले ओ नेगेटिव और बी नेगेटिव ग्रुप का रक्त भी जमा किया गया। चिकित्सकों के अनुसार ये ग्रुप बहुत कम लोगों में पाया जाता है और जरूरत के समय इसे ढूंढना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इस शिविर में इन ग्रुपों का रक्त मिलना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।आपको बता दे कि शिविर में जमा हुआ पूरा रक्त थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए निशुल्क डोनेट किया गया। इस रक्त को बिलासा ब्लड सेंटर की मदद से उन बच्चों तक पहुंचाया जाएगा, जिन्हें हर महीने रक्त की जरूरत पड़ती है। आयोजकों ने बताया कि थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान ही जीवनदान है।
मकसद – इंसानियत की सेवा और जागरूकता
शिविर का मुख्य मकसद सिर्फ जांच और रक्तदान नहीं था, बल्कि इंसानियत की सेवा और समाज में युवाओं को रक्तदान के लिए जागरूक बनाना था। आयोजकों का कहना है कि आज भी समाज में रक्तदान को लेकर कई भ्रांतियां हैं। लोग डरते हैं कि रक्तदान से कमजोरी आ जाएगी। इस शिविर के माध्यम से युवाओं को समझाया गया कि रक्तदान से शरीर को कोई नुकसान नहीं होता, बल्कि यह एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए पूरी तरह सुरक्षित है और किसी की जान बचा सकता है। जमात द्वारा समाज के हर वर्ग तक उचित स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहे हैं। इसी कड़ी में हाल ही में समाज द्वारा एक वॉकाथॉन भी आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया था। उस वॉकाथॉन का संदेश था – ‘स्वस्थ शरीर – स्वस्थ मन’। उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए इस बार स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।












