उधारी के पैसों पर हुआ विवाद, पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, एक गिरफ्तार..

भुवनेश्वर बंजारे
जांजगीर-चांपा – उधारी के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। शराब सेवन के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में दो आरोपियों ने युवक पर हमला कर दिया। पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना जांजगीर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम खोखरा की है। मृतक की पहचान देवनारायण सूर्यवंशी के रूप में हुई है। उसके भाई कमल सूर्यवंशी, निवासी सूर्या चौक खोखरा, ने 19 नवंबर को थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। शिकायत के मुताबिक, 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे देवनारायण सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी और उसका एक अन्य साथी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने देवनारायण के साथ मारपीट की और उसके सिर पर पत्थर से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। वारदात की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट तथा पुलिस डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने उधारी के पैसों को लेकर विवाद होने और मारपीट की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कंक्रीट का पत्थर भी जब्त किया है। घटना में शामिल दूसरा आरोपी वारदात के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



