घर में घुसकर मोबाइल लूटा, फिर फर्जी UPI से खाता किया खाली, सकरी पुलिस ने 48 घंटे में आरोपियों को किया गिरफ्तार…

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – सकरी थाना क्षेत्र में आधी रात घर में घुसकर मोबाइल झपटने और फिर सिम का इस्तेमाल कर फर्जी यूपीआई कोड बनाकर बैंक खाते से रकम निकालने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पूरी वारदात की साजिश मिलकर रची थी। पुलिस ने उनके कब्जे से झपटमारी किया गया मोबाइल, टूटा हुआ सिम कार्ड और ट्रांजेक्शन के जरिए निकाली गई पूरी रकम बरामद कर ली है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना 25 नवंबर 2026 की है। प्रार्थिया ने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 12 बजे उसका देवर ऋतिक यादव अपने कमरे में लेटकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर के अंदर घुसा और उसका मोबाइल झपटकर फरार हो गया। आरोपियों ने मोबाइल में लगे सिम कार्ड को दूसरे मोबाइल में डालकर फर्जी तरीके से यूपीआई कोड तैयार किया और उससे जुड़े बैंक खाते से रकम ट्रांजेक्शन कर निकाल ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और सीएसपी परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को गनियारी निवासी विक्की वर्मा पर संदेह हुआ। उसका प्रार्थिया के घर आना-जाना था और उसे खाते में 4 से 5 लाख रुपये होने की जानकारी भी थी। पुलिस ने विक्की को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह पहले गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी बलराम वर्मा और संदीप वर्मा के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार कर लिया।आरोपियों ने योजना बनाकर रात में घर में प्रवेश किया और ऋतिक का मोबाइल झपट लिया। इसके बाद सिम दूसरे मोबाइल में डालकर फर्जी यूपीआई के माध्यम से खाते से रकम निकाल ली। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल, टूटा हुआ सिम और ट्रांजेक्शन की पूरी रकम जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में बलराम वर्मा 23 वर्ष, विक्की वर्मा 34 वर्ष और संदीप वर्मा 32 वर्ष, तीनों निवासी गनियारी, थाना कोटा शामिल हैं। इनके खिलाफ अपराध क्रमांक 1090/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 304(2), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) के तहत कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में निरीक्षक संजय सिंदे, टीकाराम निषाद, सुरेंद्र तिवारी, लक्ष्मीकांत कश्यप, पवन बंजारे, मनोज बघेल, रामचंद्र कश्यप और विनिषा पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



