Uncategorized

सीपत में रिश्ते हुए तार-तार, साले ने जीजा को हथौड़ा और ब्लेड से किया लहूलुहान..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर –सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने ही जीजा पर हथौड़े और ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पहले हथौड़े से हाथ पर वार किया, फिर ब्लेड से चेहरे और गले पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान पीड़ित को दांतों से भी काट लिया। घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मड़ई भाठापारा निवासी सुरेश कुमार सोनझरी घर निर्माण का ठेका लेकर काम कर रहे थे। 26 नवंबर की शाम करीब 4 बजे वे निर्माण सामग्री गिरवाने के लिए ग्राम खम्हरिया स्थित मनोज किराना दुकान के पास पहुंचे थे। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे उनका साला सुंदर लाल सोनझरी वहां पहुंचा और विवाद करने लगा। आरोप है कि सुंदर लाल ने पहले हथौड़े से सुरेश के हाथ पर वार किया। विरोध करने पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे ब्लेड से चेहरे, ठुड्डी और गले पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान आरोपी ने उनके हाथ की उंगलियों और बाईं कोहनी के पास दांतों से भी काट लिया।
घटना के बाद लहूलुहान हालत में सुरेश किसी तरह घर पहुंचे। परिजनों ने उन्हें मोटरसाइकिल से बलौदा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। चोट गंभीर होने के कारण सुरेश बोलने में असमर्थ बताए गए। इसके बाद उनके भाई राकेश कुमार सोनझरी ने 27 नवंबर को सीपत थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी सुंदर लाल सोनझरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(1), 296 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

BREAKING