न्यायधानी में एक ही दिन दो वारदातें, मटियारी में कैंची से हमला,तो वही सरकंडा में कैफे कर्मचारी पर चाकू से वार..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – जिले में मारपीट और चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मटियारी में घर के दरवाजे पर पत्थर फेंकने की बात पूछने पर दो युवकों ने एक ग्रामीण के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि एक युवक ने कैंची से हमला कर उसके कंधे को चोटिल कर दिया। वहीं, सरकंडा क्षेत्र में लड़कियों से मेलजोल रखने की बात को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने कैफे कर्मचारी पर हमला कर दिया। इस दौरान एक आरोपी ने चाकू से वार कर उसके कंधे को घायल कर दिया, जबकि दूसरे ने डंडे से पिटाई की। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरवाजे पर पत्थर फेंकने की बात पूछी तो कैंची से किया हमला
पहली घटना सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मटियारी के सूर्यवंशी पारा की है। प्रार्थी लक्ष्मी कुमार सूर्यवंशी ने पुलिस को बताया कि 26 नवंबर की शाम करीब चार बजे वह घर पर था। इसी दौरान उसके घर के दरवाजे पर कोई पत्थर मार रहा था। आवाज सुनकर वह बाहर गली में आया और पत्थर फेंकने वाले के बारे में पूछताछ करने लगा। वहां अजय सूर्यवंशी और अतुल सूर्यवंशी मौजूद थे। दोनों ने उस पर उन्हें देखकर आरोप लगाने की बात कहते हुए मां-बहन की अश्लील गालियां देनी शुरू कर दीं। लक्ष्मी कुमार ने गाली देने से मना किया तो दोनों भड़क गए और जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोप है कि अतुल ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जबकि अजय ने कैंची से हमला कर दिया। इससे उसके बाएं कंधे में चोट आई। पुलिस ने अजय और अतुल सूर्यवंशी के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
लड़कियों से चिपकने की बात पर विवाद, चाकू निकालकर किया वार
दूसरी घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के पुराना सरकंडा स्थित बंगालीपारा मोड़ की है। गुरुनानक वार्ड भाटापारा निवासी सुनील मानिकपुरी वर्तमान में गुप्ता डेयरी के पीछे रहता है और लक्ष्मी मेडिकल के बाजू स्थित दक्षिण सूत्र कैफे में काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि 26 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह कैफे में मौजूद था। इसी दौरान अवि साहू और विशाल यादव वहां पहुंचे। दोनों ने लड़कियों से ज्यादा मेलजोल रखने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया। सुनील ने आरोपों से इनकार किया तो दोनों गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विशाल ने डंडे से हमला किया, जबकि अवि ने चाकू निकालकर वार कर दिया, जो सुनील के कंधे में लगा। इसी बीच लक्ष्मी मेडिकल में काम करने वाले मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद दोनों आरोपी पास की गली से फरार हो गए। घटना मेडिकल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात भी सामने आई है। सरकंडा पुलिस ने अवि साहू और विशाल यादव के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 तथा बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।


