गुपचुप धर्मांतरण का आरोप, पुलिस ने 5 पर कसा शिकंजा

पचपेड़ी – थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुकुलकारी से प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण कराने का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों की सूचना पर बजरंग दल गौ रक्षा जिला प्रमुख मंजीश सिंह ने इसकी शिकायत पचपेड़ी थाने में दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि लंबे समय से ग्राम सुकुलकारी में धर्मांतरण की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसी बीच 07 सितंबर 2025 को उन्हें सूचना मिली कि गांव के दो अलग-अलग घरों में प्रार्थना सभा के नाम पर लोगों को धर्म बदलने के लिए प्रलोभन दिया जा रहा है। सूचना पर ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे बजरंग दल पदाधिकारी ने देखा कि पास्टर ईश्वर महिलांगे, विनोद महिलांगे, दिलीप बंजारे और दो अन्य महिलाएं सभा का संचालन कर रही थीं। वहां बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे मौजूद थे। मौके पर भोजन की व्यवस्था के साथ ही विशेष धर्म से जुड़ी बड़ी मात्रा में किताबें भी मिलीं।
आरोप है कि पैसों और इलाज का लालच देकर ग्रामीणों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पास्टर ईश्वर महिलांगे, विनोद महिलांगे, दिलीप बंजारे के खिलाफ नामजद तथा दो महिलाओं के खिलाफ अज्ञात आरोपियों के रूप में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच कर रही है। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।