मस्तूरी

मस्तूरी क्षेत्र में शोक की लहर…दर्दनाक सड़क हादसे में 2 युवाओं की मौत से पसरा मातम,

बिलासपुर – मस्तूरी क्षेत्र के लिए गुरुवार की रात अत्यंत दुखद रही, जब एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवा कांग्रेस नेता राहुल राय सहित दो युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज बिलासपुर के निजी अस्पताल में जारी है।मिली जानकारी के अनुसार मस्तूरी निवासी एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय अपने साथियों के साथ बालको में एक परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे।

कार (सीजी 10 बीएफ 9922) में उनके साथ शिवम ऑटोमोबाइल एजेंसी के संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला राम साहू और राहुल सवार थे। सभी लोग इससे पहले बिलासपुर के छाबड़ा पैलेस में एक विवाह समारोह में शामिल होकर बालको के लिए रवाना हुए थे। रात लगभग साढ़े नौ बजे उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर उनकी कार रास्ता भटकने के कारण खाईनुमा लेन में उतर गई। अचानक कार अनियंत्रित हो गई और तीन बार पलटते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं भोला राम साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे साथियों ने तत्काल घायलों को बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों के शव केजीएन अस्पताल में रखे गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक जगत में शोक व्याप्त है। राहुल राय को एक सक्रिय युवा नेता और मिलनसार व्यक्तित्व के रूप में याद किया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने इस असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

BREAKING