यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल का वार्षिक उत्सव संपन्न,विद्यार्थी का प्रथम कर्तव्य पढ़ाई और करियर निर्माण, त्रिलोक चंद्र श्रीवास

बिलासपुर – बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रानीगांव स्थित यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव एवं जेके ग्रुप कोचिंग के प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक एवं बिलासपुर जिले के लोकप्रिय जननेता श्री त्रिलोक चंद्र श्रीवास रहे।
अपने उद्बोधन में श्री श्रीवास ने कहा कि विद्यार्थी का सर्वप्रथम कर्तव्य पढ़ाई करना और अपने करियर के प्रति गंभीर चिंतन करना है। एक सशक्त करियर बनाकर विद्यार्थी अपने परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित कर सकता है।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से सैनिक परिवारों, पुलिस विभाग के कर्मचारियों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए फीस में विशेष रियायत देने की अपील भी की।कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

साथ ही कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान एवं मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले दर्जनों विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।इस अवसर पर जनपद सदस्य राघवेंद्र गहवई, रानीगांव सरपंच दिव्या रूपेश कोरी, जनजीराडीह सरपंच रमेश शिकारी एवं उपसरपंच श्रवण तंबोली ने भी विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संबोधन दिया।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्राचार्य विनोद निर्मलकर ने किया तथा आभार प्रदर्शन संचालक अभिषेक भोंसले द्वारा किया गया।कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि श्री त्रिलोक श्रीवास का पुष्पहार एवं आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया।

समारोह में ध्रुव गहवई, चंद्रप्रकाश केसरवानी, भागवत निर्मलकर, जगन्नाथ देवांगन, राधेश्याम तंबोली, भागवत कोरी सहित विद्यालय परिवार एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


