सीपत

सीपत:- गले पर चाकू अड़ाकर मचाया आतंक, सीपत पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, आरोपी शेख जानू गिरफ्तार, हथियार जब्त, भेजा गया जेल

बिलासपुर – जिले के सीपत थाना पुलिस ने चाकूनुमा धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकूनुमा धारदार हथियार भी जब्त किया गया है तथा उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामकुमार बिजौरे ने थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 जुलाई 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे वह ग्राम भिलमी स्थित शराब दुकान से लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम मचखंडा निवासी शेख जानू (25 वर्ष), पिता स्व. शेख रमजान खान ने उसे रोककर अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।आरोप है कि शेख जानू ने हाथ में रखे चाकूनुमा धारदार हथियार को लहराते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट की तथा उसके गले पर चाकू अड़ा दिया। इस घटना में प्रार्थी के गले और हथेली पर चोट व खरोंच आई।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सीपत पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकूनुमा धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया गया।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

BREAKING