Uncategorized

सिम्स में ‘प्रारंभ 2026’ का आयोजन, नवप्रवेशी भौतिक चिकित्सकों को सिखाए गए सेवा, अनुशासन और संवेदनशीलता के संस्कार..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, बिलासपुर के छह दिवसीय इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम PRARAMBH 2026 का आयोजन सिम्स चिकित्सा महाविद्यालय में किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, संक्रमण नियंत्रण, व्यावसायिक कौशल और नैतिक मूल्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र की बुनियादी समझ के साथ-साथ एक कुशल फिजियोथेरेपिस्ट बनने के लिए आवश्यक व्यावहारिक दक्षता का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विशेषज्ञों ने अपने-अपने विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए। इस दौरान सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। मरीजों को बेहतर उपचार एवं पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने में फिजियोथेरेपिस्ट का योगदान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक अच्छे फिजियोथेरेपिस्ट के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सहानुभूति, अनुशासन, नैतिकता और व्यावहारिक दक्षता भी जरूरी है। इस तरह के इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र की जिम्मेदारियों से परिचित कराने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने अध्ययनकाल में ज्ञान और कौशल के साथ मानवीय मूल्यों को भी आत्मसात करें, ताकि वे समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे सकें। इधर  महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना पटेल ने सभी विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक सत्र विद्यार्थियों को एक कुशल, जिम्मेदार एवं संवेदनशील फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



स्वास्थ्य सेवा प्रणाली से लेकर संक्रमण नियंत्रण तक प्रशिक्षण

कार्यक्रम के दौरान सिम्स चिकित्सा महाविद्यालय के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के डॉ. दुर्गा दास ने भारत की स्वास्थ्य सेवा वितरण प्रणाली पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि देश में स्वास्थ्य सेवाएं किस संरचना में काम करती हैं और उसमें फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका क्या होती है।
माइक्रोबायोलॉजी विभाग की डॉ. अत्रेयी रे चौधरी ने बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट एवं संक्रमण नियंत्रण विषय पर जानकारी दी। उन्होंने अस्पतालों में संक्रमण फैलने के कारणों, उससे बचाव के उपायों और बायोमेडिकल कचरे के सही निपटान की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। स्टाफ नर्स सुश्री अंजना पन्ना द्वारा हैंड हाइजीन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को हाथों की स्वच्छता के सही तरीकों का अभ्यास भी कराया गया, क्योंकि अस्पताल में संक्रमण रोकने में यह सबसे महत्वपूर्ण कदम माना जाता है।

तनाव प्रबंधन और मरीजों से संवाद पर जोर

फिजियोथेरेपी महाविद्यालय की डॉ. यामिनी ने तनाव प्रबंधन विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई और भविष्य में काम के दौरान आने वाले तनाव से निपटने के उपाय बताए। वहीं डॉ. विजया ने कम्युनिकेशन स्किल्स, सहानुभूति एवं मरीजों के साथ उचित व्यवहार विषय पर सत्र लिया। उन्होंने कहा कि मरीज के इलाज में दवा और एक्सरसाइज के साथ-साथ डॉक्टर का व्यवहार भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। मरीज की बात को ध्यान से सुनना और उसे सही तरीके से समझाना एक अच्छे फिजियोथेरेपिस्ट की पहचान है।

एंटी-रैगिंग, NCAHP अधिनियम और भविष्य की संभावनाएं

कार्यक्रम में डॉ. हर नारायण ने एंटी-रैगिंग जागरूकता पर विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने रैगिंग के खिलाफ नियमों, शिकायत की प्रक्रिया और सुरक्षित शैक्षणिक माहौल के महत्व को समझाया।
डॉ. नोकेशमणि ने NCAHP अधिनियम एवं फिजियोथेरेपी शिक्षा से संबंधित नियामक प्रावधानों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को पंजीकरण, नियमों और पेशेवर जिम्मेदारियों से अवगत कराया।
डॉ. यशवंत ने फिजियोथेरेपी प्रोफेशन के महत्व, संभावनाओं एवं भविष्य के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य जरूरतों के कारण आने वाले समय में फिजियोथेरेपिस्ट की मांग और बढ़ेगी।
इन सभी सत्रों का उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावसायिक ज्ञान, नैतिक मूल्यों, संक्रमण नियंत्रण, प्रभावी संवाद एवं मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण विकसित करना रहा।

BREAKING