रतनपुर में भीषण हादसा:-झपकी से ट्रेलर में घुसी ईको, ट्रेलर घसीटता ले गया दूर तक, युवती की मौत, 9 घायल..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि 2 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में कुल 10 लोग घायल हुए हैं। रायपुर से घूमने निकले 5 युवक और 5 युवतियों से भरी ईको कार तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर में फंस गई और उसके साथ काफी दूर तक घसीटती चली गई। हादसे में युवती काजल साहू की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11:30 बजे यह हादसा बेलतरा से आगे बेलपारा के पास हुआ। रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी मंगल बाजार क्षेत्र से 5 युवक और 5 युवतियां ईको वाहन में सवार होकर घूमने निकले थे। सभी रतनपुर घूमने के बाद चैतुरगढ़ जाने के लिए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान बेलपारा के पास ईको वाहन चालक को झपकी आ गई और तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रेलर के पीछे जा घुसा।
हादसे के बाद ईको कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई। बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक को कार के फंसने की जानकारी तत्काल नहीं हो सकी और वह वाहन को आगे बढ़ाता रहा। ईको कार ट्रेलर के साथ घिसटती हुई तेज रफ्तार में काफी दूर तक चली गई। पीछे से अन्य लोगों द्वारा ट्रेलर चालक को हादसे की जानकारी देने पर उसने वाहन रोका, लेकिन तब तक कार सवारों में चीख-पुकार मच चुकी थी और एक युवती की जान जा चुकी थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को रतनपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल 2 लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए सिम्स रेफर किया गया है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज जारी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान वाहन चालकों की थकान और झपकी से होने वाले खतरे को उजागर कर दिया है। कुछ पल की लापरवाही ने घूमने निकले युवाओं की खुशियों को मातम में बदल दिया।






