आरटीई के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए 22 जुलाई से आवेदन… 5 अगस्त अंतिम तिथि

बिलासपुर – शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम 2009 के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निजी विद्यालयों में कक्षा पहली में प्रवेश हेतु तृतीय एवं अंतिम चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभिभावक आरटीई पोर्टल के माध्यम से 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला शिक्षा विभाग के अनुसार आवेदन प्राप्त होने के बाद 25 जुलाई से 7 अगस्त तक नोडल प्राचार्यों द्वारा दस्तावेजों का परीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा। इसके पश्चात 10 अगस्त से 14 अगस्त तक ऑनलाइन लॉटरी एवं काउंसिलिंग की प्रक्रिया आयोजित होगी, जिसके आधार पर चयनित विद्यार्थियों की सूची जारी की जाएगी। लॉटरी में चयनित बच्चों का प्रवेश संबंधित निजी विद्यालयों में 17 अगस्त से 25 अगस्त 2026 के बीच सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं 20 अगस्त से 27 अगस्त तक नोडल प्राचार्य प्रवेशित विद्यार्थियों की अंतिम जानकारी आरटीई पोर्टल पर दर्ज करेंगे। शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने और सभी आवश्यक दस्तावेज सही एवं पूर्ण रूप से अपलोड करने की अपील की है, ताकि सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। यह तीसरा और अंतिम अवसर है, इसलिए पात्र अभिभावक समय रहते आवेदन करना सुनिश्चित करें।


