मल्हार में मां-बेटी रहस्यमय तरीके से लापता… अपहरण की आशंका, पति ने लगाई पुलिस से गुहार

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी अंतर्गत ग्राम जैतपुर से मां-बेटी के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला अपनी बेटी के साथ कपड़े सिलवाने और च्वाइस सेंटर से पैसे निकलवाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। पति की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जैतपुर निवासी सनत कुमार मिश्रा बिलासपुर में निजी कार चलाने का काम करते हैं। काम के सिलसिले में वह अक्सर बिलासपुर में ही अपने सेठ के घर रुक जाते हैं और समय मिलने पर गांव आते हैं। उनकी पत्नी बबीता देवी मिश्रा 39 वर्ष 13 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे अपने बेटे को मल्हार से कपड़े सिलवाने और च्वाइस सेंटर से पैसे निकलवाने जाने की बात बताकर घर से निकली थीं। उनके साथ बेटी जया मिश्रा भी थी।दोनों के देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद सनत कुमार मिश्रा ने रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ कर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पति ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पत्नी और बेटी को बहला-फुसलाकर या अन्य तरीके से अपने साथ ले जाकर गलत तरीके से रोक रखा है।
लापता महिला का हुलिया
बबीता मिश्रा की रंगत गोरी, कद करीब चार फीट और बाल काले व लंबे हैं। घर से निकलते समय उन्होंने नीले रंग की साड़ी-ब्लाउज और पैरों में भूरे रंग की चप्पल पहनी थी। वे हिंदी और छत्तीसगढ़ी बोलती हैं तथा चौथी कक्षा तक पढ़ी हैं। मामले में मल्हार पुलिस ने 16 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मां-बेटी की तलाश की जा रही है।


