दर्दनाक सड़क हादसा: 25 मीटर तक ट्रक के नीचे घिसटती रही महिला… भूसे से भरे ट्रक ने मचाई मौत की तबाही

बिलासपुर – सकरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। कोपरा जलाशय (डैम) के पास भूसे से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से ऐसी टक्कर मारी कि बाइक पर सवार 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला ट्रक और बाइक के बीच फंस गई। महिला करीब 25 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की भयावहता देखकर आसपास मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। वहीं बाइक चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू के अनुसार, मुंगेली जिले के लोहाराकापा गांव निवासी पुनौतीन यादव पिता झड़ीराम 63 वर्ष मंगलवार सुबह एक परिचित के साथ बाइक क्रमांक CG 10 EC 6950 से बिलासपुर की ओर आ रही थीं। दोनों जैसे ही कोपरा जलाशय के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे भूसे से भरे ट्रक क्रमांक HR 55 W 3885 ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ट्रक के पहियों के नीचे फंस गई और करीब 25 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में महिला की कमर के नीचे का हिस्सा पूरी तरह कुचल गया तथा एक पैर शरीर से अलग हो गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे ट्रक चालक की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।


