Uncategorized

सिम्स में रिश्तेदार बनकर आया ठग:- ब्लड दिलाने के नाम पर ठगे 1200, मोबाइल लेकर भागा और अकाउंट से 10 हजार पार..

भुवनेश्वर बंजारे

बिलासपुर – सिम्स अस्पताल में मरीजों की मजबूरी का फायदा उठाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। यहां ब्लड की जरूरत बताकर मदद का भरोसा दिलाने पहुंचे एक युवक ने खुद को रिश्तेदार बताकर मरीज के परिजनों से 1200 रुपए वसूल लिए। इसके बाद बातचीत करने के बहाने मोबाइल लेकर फरार हो गया। कुछ ही देर बाद पीड़ित के मोबाइल से 10 हजार रुपए कटने की जानकारी सामने आई। मामले की शिकायत सिम्स अधीक्षक से करने के बाद सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने आवेदन दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-4 निवासी रुखमिन कैवर्त (55 वर्ष), पति बहोरन कैवर्त को शनिवार को पैर में चोट लगने के कारण सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने परिजनों को तीन यूनिट ब्लड की जरूरत बताई। इसी दौरान एक युवक पीछे से पहुंचा और बहोरन कैवर्त को फूफा कहकर पैर छूते हुए प्रणाम किया। उसने खुद को रिश्तेदार बताया और ब्लड की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद युवक ने ब्लड दिलाने के नाम पर बहोरन से 500 रुपए मांगे। कुछ देर बाद उसने मरीज के दामाद से भी 700 रुपए ले लिए। ठगी का सिलसिला यहीं नहीं रुका। युवक ने दामाद से किसी से बात करने का बहाना बनाकर मोबाइल मांगा और मोबाइल लेकर मौके से रफूचक्कर हो गया।
परिजनों को जब तक युवक की चालबाजी समझ आती, तब तक उनके मोबाइल से 10 हजार रुपए कट चुके थे। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सिम्स अधीक्षक से शिकायत की और मामले में कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है।
अस्पताल में इलाज और खून की व्यवस्था के लिए परेशान मरीजों के परिजनों को निशाना बनाने की इस घटना ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब परिजनों को आरोपी युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का इंतजार है।

BREAKING