बैमा स्कूल में साइकिल वितरण, त्रिलोक चंद्र श्रीवास बोले-बेटियां पढ़ेंगी तो राष्ट्र बढ़ेगा, शिक्षा और क्षेत्रीय विकास के लिए सभी मिलकर करें प्रयास

बिलासपुर – बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बैमा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साथ ही विद्यालय परिसर में नव-निर्मित व्यायामशाला का उद्घाटन भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक त्रिलोक चंद्र श्रीवास शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि “बेटियां पढ़ेंगी, आगे बढ़ेंगी तो राष्ट्र भी प्रगति करेगा। विद्यार्थी जीवन व्यक्ति के जीवन का स्वर्णिम काल होता है, इसलिए प्रत्येक छात्र-छात्रा को इस समय का सदुपयोग कर अपने भविष्य का निर्माण करना चाहिए।” उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी दल की हो, उसका उद्देश्य आमजन का सर्वांगीण विकास, क्षेत्र की उन्नति और खुशहाली होना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बैमा सहित पूरे बैमा-नगोई और बेलतरा क्षेत्र के विकास के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक दिवाकर ने किया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता महेश मिश्रा, ग्राम सरपंच फते लाल सूर्यवंशी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक शास्त्री शुक्ला, शर्मा जी, आशीष सिंह बारगाह, दीपक नादम, लोक प्रकाश दिवाकर, शैलेश सोनवानी, हेमलाल यादव, सतीश श्रीवास, अभिषेक श्रीवास, शुभम श्रीवास, कृष्ण यादव, सुरेश लसकर, शाला विकास समिति की अध्यक्ष सुनीता यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से त्रिलोक चंद्र श्रीवास का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।


