Uncategorized

दीपावली पर सिम्स में आपातकालीन सेवाएं रहीं अलर्ट, तीन दिन में 1087 मरीजों ने लिया ओपीडी में उपचार, 69 अब भी भर्ती..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर। दीपावली पर्व के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में विशेष चिकित्सकीय व्यवस्था की गई थी। अस्पताल प्रबंधन ने सभी विभागों को अलर्ट रखते हुए चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की थी, ताकि दुर्घटना या अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
दीपावली को देखते हुए संयुक्त संचालक एवं चिकित्सा अधीक्षक की ओर से सभी विभागाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए थे। इसके तहत एम्बुलेंस को स्टाफ सहित शिफ्टवार तैयार रखा गया था। सभी विभागाध्यक्षों एवं यूनिट प्रभारियों को आकस्मिक ड्यूटी रोस्टर स्पष्ट रखने तथा कंसल्टेंट, सीनियर एवं जूनियर रेजिडेंट, इंटर्न और चिकित्सा अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोबाइल फोन चालू रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने के लिए कहा गया था। वहीं ऑपरेशन थिएटर (ओटी) एवं आईसीयू में जीवनरक्षक दवाइयों, आईवी फ्लूड, आवश्यक उपकरणों और ब्लड सहित चिकित्सकीय टीम को तैयार रखा गया था। इधर अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति के नेतृत्व में दीपावली के दौरान अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता, दवाइयों और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था का अवलोकन किया गया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। आपको बता दे कि 7 से 9 नवंबर तक तीन दिनों में सिम्स अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इस दौरान सड़क दुर्घटना, मारपीट, पटाखों से झुलसने और सांस संबंधी परेशानियों के मामले प्रमुख रूप से सामने आए। आंकड़ों के अनुसार सड़क दुर्घटना (आरटीए) के 25 मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि 896 मरीजों ने ओपीडी में उपचार कराया। मारपीट के 10 मरीज भर्ती हुए और 150 मरीज ओपीडी में पहुंचे। पटाखों से झुलसने के 14 मरीजों को भर्ती किया गया। वही  35 मरीजों ने ओपीडी में उपचार लिया। आंखों में संक्रमण एवं चोट के 6 मरीज ओपीडी में पहुंचे। वहीं सांस लेने में तकलीफ के 20 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 69 मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि ओपीडी में 1087 मरीजों ने उपचार कराया। इस दौरान रेफर होकर आए मरीजों के साथ मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) भी शामिल रहे। जबकि दीपावली के दौरान सामने आए मामलों में सबसे अधिक संख्या सड़क दुर्घटनाओं और मारपीट की रही। इसके अलावा पटाखों से झुलसने तथा धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी के मरीज भी अस्पताल पहुंचे। सिम्स प्रबंधन के अनुसार विशेष अलर्ट व्यवस्था और चिकित्सकीय टीम की तत्परता के चलते आपातकालीन सेवाएं सुचारु रहीं और मरीजों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।



चिकित्सा अधीक्षक ने संभाली व्यवस्थाओं की निगरानी
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने अस्पताल की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने एम्बुलेंस, आपातकालीन विभाग, ओटी और आईसीयू की तैयारियों के साथ आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता का जायजा लिया, ताकि दुर्घटना एवं अन्य गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।

BREAKING