बिलासपुर

तिफरा ओवरब्रिज के नीचे एजेंट को धक्का देकर लूट…बाइक सवार दो अज्ञात आरोपीयो ने दिया घटना को अंजाम,

बिलासपुर – सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में तिफरा ओवरब्रिज के नीचे बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक बीमा एजेंट को धक्का देकर गिराया और उसके पास रखा पर्स, घर की चाबी व मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए। घटना में पीड़ित के कमर में चोट आई है। शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, पाठक किराना के पीछे विनोबा नगर निवासी रोहित अग्रवाल जीवन बीमा योजना में एजेंट का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 9 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:10 बजे वह अपने घर से काम के सिलसिले में इंडस्ट्रियल एरिया रोड होते हुए तिफरा की ओर जा रहे थे। करीब 3:30 बजे जब वह तिफरा ओवरब्रिज के नीचे इंडस्ट्रियल एरिया रोड पर पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचे।
आरोप है कि दोनों ने अचानक रोहित को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद बदमाश उनके पास रखी घर की चाबी, पर्स और हानर कंपनी का मोबाइल फोन झपटकर बाइक से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से पीड़ित घबरा गए। सड़क पर गिरने के कारण उनकी कमर में चोट भी आई। घटना के बाद रोहित ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद सिरगिट्टी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और आरोपियों की पहचान करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

BREAKING