बिलासपुर: गमछे से चेहरा ढककर घर में घुसा बदमाश, बुजुर्ग महिला से चांदी के जेवर और नकदी की लूट

बिलासपुर – चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम लिमतरी स्थित बांधा प्लाट के पास एक बुजुर्ग महिला से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चांदी के जेवर और नकदी लूटने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को धमकाकर उसके हाथ की चांदी की चूड़ियां, करधन और घर में रखे दो हजार रुपये ले लिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 309(4)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लिमतरी निवासी इन्द्राबाई कौशिक करीब 20 वर्षों से बांधा प्लाट के पास मकान बनाकर रह रही हैं और घरेलू काम करती हैं। उन्होंने बताया कि शारीरिक कमजोरी के साथ उन्हें कम दिखाई देता है और कई बार बातें भूल भी जाती हैं। 13 अगस्त की शाम करीब 6 बजे वह घर और सामने स्थित मंदिर में दीपक जलाकर आंगन में आई थीं। इसी दौरान एक दुबला-पतला व्यक्ति, जिसका चेहरा गमछे से ढका हुआ था, उनके पास पहुंचा और पैसे मांगने लगा। महिला के मुताबिक आरोपी ने उनका चेहरा, आंख और मुंह गमछे से बांध दिया तथा धक्का देकर आंगन में गिरा दिया। उसने पेट के पास कोई वस्तु लगाई, जिसे महिला ने चाकू होने का अनुमान लगाया। डर के कारण आरोपी ने उनके दोनों हाथों में पहनी चांदी की चूड़ियां जबरन उतार लीं। इसके बाद आरोपी ने करधन भी मांग लिया। महिला ने डर के चलते कमर में पहना चांदी का करधन उतारकर उसे दे दिया। आरोपी ने घर में रखे दो हजार रुपये भी ले लिए और पीछे की ओर से फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने अधिया में खेत देने वाले परमेश्वर यादव और ग्राम सरपंच राजकुमार यादव को फोन पर जानकारी दी। सरपंच के साथ नरेंद्र मरावी और जनकराम यादव मौके पर पहुंचे। महिला अपने भांजे सुशील कुमार कौशिक के साथ थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने चांदी के करीब 20 तोला वजनी चूड़ियां और लगभग 60 तोला वजनी करधन, कुल करीब 70 हजार रुपये कीमत के जेवर लूटे जाने की जानकारी दी है।


