Uncategorized

अवैध रेत उत्खनन पर खनिज विभाग की बड़ी चोट, 8 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, कारोबारियों में हड़कंप…

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का कारोबार लगातार जारी है। इस पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त 8 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग के अमले ने ग्राम इटवा-पाली में दबिश दी। यहां रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए। विभागीय टीम ने सभी वाहनों को जब्त कर खनिज जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखवा दिया है। इसी तरह 16 नवंबर को ग्राम पहँदा में भी खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई की। यहां अवैध रूप से रेत का उत्खनन करते पाए जाने पर 4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया। इन वाहनों को पुलिस चौकी बेलगहना की अभिरक्षा में रखा गया है। कलेक्टर के निर्देश पर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है। खनिज विभाग का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। दो स्थानों पर एक साथ हुई इस कार्रवाई ने अवैध रेत कारोबारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि खनिज संपदा का अवैध दोहन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

BREAKING