Uncategorized

रफ्तार का जूनून बना मौत का कारण,श्रीकांत वर्मा मार्ग में तेज रफ्तार एक्टिवा डिवाइडर से टकराई, युवती की मौके पर मौत…

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीकांत वर्मा मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवती की जान चली गई। तेज रफ्तार एक्टिवा अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती सड़क पर दूर जा गिरी और सिर व चेहरे पर गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यदुनंदन नगर तिफरा निवासी दिशा मनहर 21 वर्ष, पिता भवानी मनहर, एक्टिवा क्रमांक CG 12 BU 5157 से देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच श्रीकांत वर्मा मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार में चल रही एक्टिवा अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती वाहन से उछलकर सड़क पर जा गिरी। हादसे में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भिजवा दिया। शुरुआत में युवती की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस को उसके पास से एक एटीएम पर्ची मिली, जिसके आधार पर पहचान की दिशा में प्रयास किए गए। बाद में मृतका की पहचान दिशा मनहर के रूप में हुई, जो मूल रूप से कोरबा की निवासी बताई जा रही है और वर्तमान में यदुनंदन नगर, तिफरा में रहती थी। पुलिस ने युवती के परिजनों को फोन के माध्यम से घटना की सूचना दे दी है। वहीं, हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। देर रात हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।

BREAKING