बिलासपुर

तेज रफ्तार माजदा ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को मारी टक्कर…2 की मौत, एक घायल,

बिलासपुर – थाना बिल्हा क्षेत्र के ग्राम भटगांव में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार माजदा 407 वाहन ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों और उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके पर माजदा छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन क्रमांक CG10 C 1868 के चालक के खिलाफ धारा 106(1), 125(ए) और 281 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भटगांव निवासी रुपेन्द्र दास मानिकपुरी तिफरा बिलासपुर में वकालत करते हैं और उनके पिता भी उनके साथ रहते हैं। बुधवार रात करीब 9 बजे गांव के रोहित निर्मलकर ने फोन कर उन्हें सूचना दी कि उनके पिता बरातु दास मानिकपुरी तथा चाचा चंदु दास मानिकपुरी और प्रितम दास मानिकपुरी को प्रदीप दास मानिकपुरी के घर के सामने माजदा 407 ने टक्कर मार दी है। तीनों को 112 वाहन के माध्यम से बिल्हा अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही रुपेन्द्र दास अस्पताल पहुंचे। वहां उनके पिता बरातु दास और चाचा प्रितम दास मानिकपुरी के सिर, चेहरे समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें थीं। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं चंदु दास मानिकपुरी के बाएं गाल, कंधे समेत अन्य हिस्सों में चोट लगी है और उनका उपचार बिल्हा अस्पताल में चल रहा है। घायल चंदु दास ने बताया कि वह बरातु दास और प्रितम दास के साथ बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक CG10 X 7988 से प्रदीप मानिकपुरी के घर गए थे। प्रदीप की गर्भवती बेटी से मुलाकात के बाद तीनों घर के सामने सड़क किनारे मोटरसाइकिल खड़ी कर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8.30 बजे सेवार की ओर से आ रहे माजदा 407 के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए तीनों को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल माजदा के अगले पहिए में फंस गई और वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से भी जा टकराया। हादसे के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मामले में पुलिस फरार चालक की तलाश और दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

BREAKING