चिंगराजपारा में पुरानी रंजिश में खूनी खेल… पाइप-रॉड से युवक पर हमला, तीन गिरफ्तार

बिलासपुर – सरकंडा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर लाठी, लोहे के पाइप, रॉड और चैन-स्पॉकेट से किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन नग स्टीलनुमा लोहे के पाइप समेत अन्य आलाजरब बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे राकेश राजपूत को सूचना मिली कि उनके बेटे संजय राजपूत के साथ सुंदरूबाड़ी स्थित शिव मंदिर के आगे कुछ युवक मारपीट कर रहे हैं। बताया गया कि राजा ठाकुर, लिल्ले और उनके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर संजय पर लाठी, पाइप, रॉड और चैन-स्पॉकेट से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे राजा ठाकुर को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए सिम्स ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए वेगस अस्पताल रेफर किया गया।
राकेश राजपूत की रिपोर्ट पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1219/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और विवेचना में पूर्व रंजिश के चलते एक राय होकर हमला करने की बात सामने आने पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में साहिल केंवट उर्फ दाऊ 18 वर्ष, पंकज पासी उर्फ किट्टू 20 वर्ष और साहिल लास्कर 19 वर्ष, सभी निवासी चिंगराजपारा, सरकंडा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1), 191(2) और 191(3) के तहत कार्रवाई की है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।


