बिलासपुर में जमीन पर सो रही दो बहनों की बिगड़ी तबीयत, 13 वर्षीय नीशू की मौत, छह साल की बहन अस्पताल में भर्ती, जहरीले जंतु के काटने की आशंका से सनसनी

उदय सिंह
बिलासपुर – सीपत थाना क्षेत्र के खैरा-लगरा गांव में एक दर्दनाक घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घर में जमीन पर सो रही दो सगी बहनों की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 13 वर्षीय बड़ी बहन नीशू की मौत हो गई। वहीं छह वर्षीय छोटी बहन तेजस्वनी की हालत को देखते हुए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। दोनों बहनों की अचानक तबीयत बिगड़ने के पीछे जहरीले जंतु के काटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। मिली जानकारी के अनुसार खैरा-लगरा निवासी प्यारेलाल गोंड ड्राइवर हैं। गुरुवार रात उनकी बेटियां नीशू और तेजस्वनी घर में जमीन पर सो रही थीं। रात करीब एक बजे नीशू ने पेट में दर्द होने की शिकायत की। कुछ ही देर में उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। इसी दौरान छोटी बहन तेजस्वनी की तबीयत भी खराब हो गई। परिजनों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नीशू की हालत गंभीर बताई। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। नीशू छठवीं कक्षा में पढ़ती थी, जबकि तेजस्वनी पहली कक्षा की छात्रा है। एक ही रात में परिवार की बड़ी बेटी को खोने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार सुबह नीशू के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां जमीन पर सो रही थीं और अचानक पेट दर्द के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। ऐसे में किसी जहरीले जंतु के काटने की आशंका सामने आई है। हालांकि पुलिस और चिकित्सकीय जांच में अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। नीशू की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। सीपत पुलिस मामले की जांच कर रही है।


