Uncategorized

VIDEO :- बिलासपुर में गरबा आउटफिट में पिस्टल लहराना पड़ा भारी: वायरल वीडियो पर सिविल लाइन पुलिस का एक्शन, 9 लोग हिरासत में

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – गरबा की वेशभूषा, हाथ में पिस्टलनुमा वस्तु और सिगरेट का सेवन… सोशल मीडिया पर प्रचार के लिए बनाया गया यह वीडियो अब नौ लोगों को सलाखों तक पहुंचा चुका है। वायरल वीडियो को लेकर मिली शिकायत के बाद थाना सिविल लाइन पुलिस ने अपराध दर्ज कर सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने थाने में लिखित शिकायत देकर बताया कि एक महिला और उसके महिला-पुरुष सहयोगियों ने गरबा नृत्य की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन करते हुए तथा पिस्टल जैसी वस्तु हाथ में लेकर वीडियो तैयार किया। आरोप है कि इस वीडियो को गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार-प्रसार के लिए Instagram एवं Facebook पर प्रसारित किया गया। शिकायत में इसे भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के विपरीत और अशोभनीय बताते हुए युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई। शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 1390/2026 के तहत धारा 196, 299 एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए अधिकतम राशि से बाउंड ओवर की कार्रवाई भी की जा रही है।



पुलिस की दो टूक चेतावनी

बिलासपुर पुलिस ने कहा कि धार्मिक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक प्रतीकों का इस्तेमाल प्रचार या मनोरंजन के नाम पर इस तरह न किया जाए, जिससे किसी वर्ग की भावनाएं आहत हों या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। पुलिस ने सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए आपत्तिजनक सामग्री अथवा हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की लगातार निगरानी कर रही है और लोगों से आपत्तिजनक सामग्री को बिना सत्यापन आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की है।

BREAKING