Uncategorized

डेढ़ माह से लापता हैं कोयले से लदे 4 ट्रक, 166 टन माल गायब: ट्रांसपोर्टर समेत 5 पर सकरी थाने में FIR

भुवनेश्वर बंजारे

बिलासपुर – कोयले की ढुलाई के लिए ट्रांसपोर्टर को चार लाख रुपये देने के बाद भी न तो कोयला निर्धारित गंतव्य तक पहुंचा और न ही चारों ट्रकों का कोई सुराग मिल पाया। करीब डेढ़ माह तक वाहनों और उनमें लदे कोयले की जानकारी नहीं मिलने पर कंपनी के लॉजिस्टिक्स मैनेजर ने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में पुलिस ने ट्रांसपोर्टर दिव्यांश गुप्ता सहित चार ट्रक चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जोंकी से राजस्थान के लिए रवाना हुआ था कोयला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, SPRN Minerals Private Limited, जोंकी में पदस्थ लॉजिस्टिक्स मैनेजर प्रतीक मिश्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि 19 अगस्त 2026 को ट्रांसपोर्टर दिव्यांश गुप्ता के माध्यम से चार ट्रकों में कोयला लोड कराकर JSW Cement, नागौर (राजस्थान) भेजा गया था। इसके लिए प्रति ट्रक एक लाख रुपये के हिसाब से कुल चार लाख रुपये GSR Logistics के माध्यम से ट्रांसपोर्टर के खाते में जमा कराए गए थे। इसके बावजूद चारों वाहन अपने निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2026 तक कंपनी को न तो कोयले की डिलीवरी की जानकारी मिली और न ही वाहनों के संबंध में संतोषजनक जवाब मिल सका। इसके बाद कंपनी ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।

चार ट्रकों में 166 टन से अधिक कोयला

शिकायत में चारों वाहनों और उनमें लदे कोयले का विवरण भी दिया गया है। ट्रक क्रमांक UP53JT6598 में 41.660 टन, UP53JT6514 में 41.360 टन, BR06GG6649 में 42.810 टन और UP53HT4549 में 40.690 टन कोयला लोड था। इस तरह चारों वाहनों में कुल 166.520 टन कोयला लदा हुआ था।

ट्रांसपोर्टर और चालकों की भूमिका जांच के दायरे में

शिकायत में ट्रांसपोर्टर दिव्यांश गुप्ता के अलावा ट्रक चालक सुमित, दीपक, बीरू और सरबजीत के नाम शामिल हैं। कंपनी ने पुलिस को बताया है कि उसके पास बिल्टी, चालान और वाहनों से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध हैं, जिन्हें जांच के दौरान प्रस्तुत किया जा सकता है।
सकरी पुलिस ने पांचों के खिलाफ धारा 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस की जांच में यह पता लगाया जाएगा कि चारों ट्रक कहां गए, कोयला निर्धारित स्थान तक क्यों नहीं पहुंचा और पूरे मामले में संबंधित लोगों की क्या भूमिका रही। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।

BREAKING