Uncategorized

कोरबा के 3 शातिरों ने बिलासपुर में मचाया तांडव, दिनदहाड़े 10 चोरियां, जेवर-नकदी और कार-बुलेट जब्त

भुवनेश्वर बंजारे


बिलासपुर – ग्रामीण इलाकों में दिनदहाड़े सूने मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार करने वाले गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसीसीयू और कोटा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कोरबा जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 10 चोरी के मामलों में करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 1.30 लाख रुपये नकद और गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चोरी की रकम से खरीदी गई करीब 10 लाख रुपये की क्रेटा कार और 1.50 लाख रुपये की बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है।



खेती-किसानी के समय सूने मकानों पर नजर

पुलिस के मुताबिक, आरोपी दोपहर के समय ग्रामीण इलाकों में घूमते थे। जब गांव के लोग खेती-किसानी या दूसरे कामों से घर से बाहर चले जाते थे, तब आरोपी सूने मकानों को निशाना बनाते थे। ताला तोड़कर आलमारी और पेटियों में रखे जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे। लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

कोरबा से पकड़े गए तीनों आरोपी

पुलिस ने विनोद कुमार वासुदेव 33 वर्ष, भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी 43 वर्ष और राज प्रजापति उर्फ लल्लू 19 वर्ष, निवासी मानिकपुर, जिला कोरबा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बिलासपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की नौ घटनाओं और कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

चोरी की रकम से खरीदी कार और बुलेट

पुलिस के अनुसार, आरोपी विनोद ने चोरी की रकम से क्रेटा कार खरीदी और उसकी किस्तें चुकाईं। वहीं, राज प्रजापति ने चोरी के पैसों से अपने चाचा के नाम पर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस ने दोनों वाहनों के साथ होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की है। बरामद जेवरात में चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठियां, करधन और सोने के मंगलसूत्र, लॉकेट व अन्य आभूषण शामिल हैं।

जांजगीर में भी दर्ज हैं 19 मामले

पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी वर्ष 2022-23 में जांजगीर जिले में दिनदहाड़े चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ वहां 19 प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल तीनों को 10 चोरी के मामलों में गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।
कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, सीएसपी सुदीप सरकार और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में की गई। इसमें कोटा थाना और एसीसीयू सहित संबंधित थानों की टीम शामिल रही।

BREAKING