कूटरचित दस्तावेज से जाति प्रमाण पत्र, शपथ पत्र में भी झूठ, जांजगीर में दो के खिलाफ FIR दर्ज..

भुवनेश्वर बंजारे
जांजगीर-चांपा- फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनवाकर शासन की योजनाओं का अनुचित लाभ लेने के मामले में जांजगीर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों की पहचान जितेंद्र बघेल और बैजनाथ बघेल, दोनों निवासी जांजगीर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी, कूटरचना और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जितेंद्र बघेल ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर स्वयं को ग्राम मसान निवासी फूल सिंह कंवर का पुत्र दर्शाया और कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर तहसील जांजगीर से जाति प्रमाण पत्र एवं आय प्रमाण पत्र प्राप्त किया।
शपथ पत्र में गलत जानकारी देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, जितेंद्र बघेल ने जिला अंत्यावसायी विभाग में शपथ पत्र प्रस्तुत कर यह उल्लेख किया था कि उसने बैंक से किसी प्रकार का ऋण नहीं लिया है। जबकि शिकायत में दावा किया गया है कि उसने पंजाब नेशनल बैंक से ऋण लिया था। वहीं, अंत्यावसायी सहकारी समिति में ऋण लेने के दौरान बैजनाथ बघेल को जमानतदार बनाया गया था। शिकायत में बैजनाथ बघेल को जितेंद्र बघेल का जैविक पिता बताया गया है।
दोनों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, मामले में प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर जितेंद्र बघेल और बैजनाथ बघेल के विरुद्ध भारतीय दंड विधान की धारा 419, 420, 467, 468, 471 एवं 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


