अन्नदाता पर दोहरी मार! पहले अर्नब, अब अकवन ने बिगाड़ा खेल, खेतों में भरा पानी, सड़ने की कगार पर फसल,बेमौसम बारिश से अन्नदाता पर टूटा मुसीबतों का पहाड़…

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – बेमौसम हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पहले ही अर्नब तूफान और बारिश के कारण खेतों में तैयार धान की फसल गिरकर काफी हद तक प्रभावित हो चुकी है। वहीं अब अकवन चक्रवात की वजह से लगातार हो रही बारिश से बची-खुची फसल पर भी बर्बादी का खतरा मंडराने लगा है। ऐसे में सालभर की मेहनत और उम्मीदों पर पानी फिरता देख किसान बेहद चिंतित हैं। क्षेत्र के अधिकांश किसानों ने धान की कटाई का काम शुरू कर दिया है। कई खेतों में फसल कटकर पड़ी हुई है, जबकि कुछ किसान कटाई की तैयारी में जुटे हैं। ऐसे समय में हो रही बारिश से खेतों में पानी भर गया है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो खेतों में पड़ी धान की फसल के सड़ने और खराब होने की आशंका बढ़ जाएगी। इससे न केवल धान की गुणवत्ता प्रभावित होगी, बल्कि उत्पादन में भी भारी कमी आ सकती है। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे से लगातार हुई बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया है। बारिश थमने के बाद भी खेतों को सूखने में लगभग एक सप्ताह का समय लग सकता है। ऐसे में कटाई और मिंजाई का काम प्रभावित होना तय है। मौसम की मार के कारण किसानों के सामने फसल को सुरक्षित निकालने की चुनौती खड़ी हो गई है।
आर्थिक मार से किसान होंगे प्रभावित….
किसानों का कहना है कि हर साल मौसम की अनिश्चितता का सबसे अधिक खामियाजा अन्नदाता को ही भुगतना पड़ता है। दिन-रात मेहनत कर तैयार की गई फसल कुछ ही दिनों में प्राकृतिक आपदा की भेंट चढ़ जाती है। खेती में पहले ही खाद, बीज, दवाइयों, मजदूरी और अन्य संसाधनों पर भारी खर्च हो चुका होता है। ऐसे में फसल खराब होने से किसानों को दोहरी आर्थिक मार झेलनी पड़ती है।
फ़सल नुकसान का वास्तविक आंकलन जरूरी……
किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की स्थिति का शीघ्र सर्वे कराया जाए तथा बारिश और तूफान से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कर पात्र किसानों को उचित मुआवजा एवं राहत प्रदान की जाए, ताकि आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों को कुछ राहत मिल सके।




