Uncategorized

जोंधरा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की अनुपस्थिति से मरीज परेशान, बीएमओ की भूमिका पर उठे सवाल…

भुवनेश्वर बंजारे
मस्तूरी – ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के सरकारी दावों की जमीनी हकीकत जोंधरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कुछ अलग ही नजर आ रही है। क्षेत्र के एकमात्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर और ग्रामीण चिकित्सा सहायकों (आरएमए) की नियमित अनुपस्थिति के चलते आसपास के दस से अधिक गांवों के ग्रामीण समुचित उपचार से वंचित हो रहे हैं। स्थिति यह है कि अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सा अमला और संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। शासन द्वारा सुदूर ग्रामीण अंचलों के लोगों को उनके गांव के आसपास ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना की गई है। इन केंद्रों में एमबीबीएस चिकित्सक, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, फार्मासिस्ट सहित अन्य आवश्यक कर्मचारियों की पदस्थापना की जाती है, ताकि ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए शहरों की दौड़ न लगानी पड़े। लेकिन जोंधरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों की कथित अनियमित उपस्थिति ने इस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र में पदस्थ आरएमए अश्वनी कश्यप नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित नहीं रहते। बताया जाता है कि वे सप्ताह या पंद्रह दिनों में कभी-कभार ही अस्पताल पहुंचते हैं। इस संबंध में पूर्व में भी कई बार शिकायत किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि उनकी ड्यूटी अधिकांश समय मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगा दी जाती है, जबकि जोंधरा जैसे बड़े ग्रामीण क्षेत्र में चिकित्सा कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति बेहद आवश्यक है।

एक दिन की उपस्थिति में 15 दिनों की हाजिरी का आरोप….

ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि आरएमए अश्वनी कश्यप एक दिन अस्पताल पहुंचकर 15 दिनों की उपस्थिति दर्ज कर लेते हैं। यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। विभागीय अधिकारियों को उपस्थिति पंजी, बायोमेट्रिक रिकॉर्ड और वास्तविक ड्यूटी की जांच कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

ग्रामीणों की मांग, जोंधरा के कर्मचारियों की ड्यूटी अन्यत्र न लगाई जाए….

जोंधरा एक बड़ा गांव है, जहां आसपास के दस से अधिक गांवों के मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में ग्रामीणों की मांग है कि यहां पदस्थ किसी भी स्वास्थ्य कर्मचारी की ड्यूटी अन्यत्र नहीं लगाई जाए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक एमबीबीएस चिकित्सक के साथ दो ग्रामीण चिकित्सा सहायकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को समय पर प्राथमिक उपचार मिल सके। वहीं क्षेत्र में यह सवाल भी उठ रहा है कि ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थ डॉक्टरों और आरएमए को मस्तूरी एवं सीपत जैसे मुख्यालयों में ड्यूटी पर क्यों लगाया जाता है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी सेवाओं की अधिक आवश्यकता है। इससे ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र केवल भवन और संसाधनों तक सीमित होकर रह जाते हैं तथा मरीजों को निजी अस्पतालों अथवा दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है।

कहीं मिलीभगत से तो नहीं चल रही मनमानी….

क्षेत्र में यह आरोप भी चर्चा में है कि स्वास्थ्य विभाग के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की कथित मिलीभगत से कर्मचारियों को मनचाही जगह पर ड्यूटी करने की छूट मिल रही है। मस्तूरी बीएमओ पर कर्मचारियों से कथित रूप से आर्थिक लेन-देन कर मनचाही जगह ड्यूटी लगाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच आवश्यक है। यदि इनमें जरा भी सच्चाई है तो यह न केवल विभागीय अनुशासनहीनता बल्कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ का मामला है। अब सवाल यह है कि जब सरकार ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर करोड़ों रुपये खर्च कर स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन कर रही है, तो फिर ग्रामीणों को बुनियादी उपचार के लिए भी क्यों भटकना पड़ रहा है? क्या स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को जमीनी स्तर पर संचालित इन केंद्रों की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं है। ग्रामीणों ने जिला स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से जोंधरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कराने, कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच करने तथा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही यह सुनिश्चित करने की अपील की है कि ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर और अन्य कर्मचारी नियमित रूप से उपस्थित रहें।

BREAKING