नगपुरा में हिट एंड रन, मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की मौत, अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज…



भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – रतनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। नगपुरा के बसहा रोड पर शिव मंदिर के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नगपुरा निवासी सुंदर लाल वर्मा रोजाना सुबह टहलने के लिए निकलते थे। गांव के शिशुपाल वर्मा और गोपाल वर्मा भी अलग-अलग समय पर मॉर्निंग वॉक करते थे। रास्ते में अक्सर उनकी मुलाकात हो जाती थी। शनिवार, 21 नवंबर को भी सुंदर लाल वर्मा रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। सुबह करीब 5:30 बजे वह नगपुरा से बसहा रोड की ओर जा रहे थे। शिव मंदिर के पास पहुंचे ही थे कि नगपुरा की ओर से जा रहे एक अज्ञात वाहन के चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सुंदर लाल वर्मा वाहन की चपेट में आकर घसीटते चले गए। हादसे में उनके सिर, कमर और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शिशुपाल वर्मा, गोपाल वर्मा और आसपास के लोगों ने देखी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मृतक की मौत से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शिशुपाल वर्मा की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


