शिकायत करने जा रहे पिता की सरपंच के दरवाजे पर ही हत्या, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया..

भुवनेश्वर बंजारे
रायगढ़ – छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम रानीसागर में शराब पीकर घर पहुंचे बेटे ने मामूली समझाइश से नाराज होकर अपने ही पिता की टंगिया से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि पिता अपनी पत्नी के साथ बेटे की हरकतों की शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे थे, लेकिन सरपंच के घर के गेट तक पहुंचते-पहुंचते बेटे ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 24 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। ग्राम रानीसागर निवासी राजकुमार गिरी 36 वर्ष शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस पर उसके पिता धरम उर्फ श्रवण गिरी 65 वर्ष ने उसे समझाइश दी। पिता ने कहा कि घर में पूजा-पाठ का दिन है और परिवार के पास घर चलाने तक के पैसे नहीं हैं, इसके बावजूद वह रोज शराब पीकर घर लौटता है। पिता की यह नसीहत बेटे को नागवार गुजरी और वह आक्रोशित होकर उनके साथ मारपीट करने लगा।
परिजनों ने किसी तरह स्थिति संभाली, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। रात करीब 9 बजे श्रवण गिरी अपनी पत्नी के साथ बेटे की हरकतों की शिकायत करने सरपंच के घर के लिए निकले। दोनों अभी सरपंच के घर के गेट के पास ही पहुंचे थे कि पीछे से टंगिया लेकर आए राजकुमार ने उन्हें रोक लिया। माता-पिता के शिकायत करने जाने की बात से गुस्साए आरोपी ने अपने पिता के सिर पर टंगिया से जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से श्रवण गिरी जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने पिता के सिर तथा पीठ पर टंगिया से कई वार कर उनकी जान ले ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक की पत्नी शैलेन्द्र गिरी 62 वर्ष की रिपोर्ट पर थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 604/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकुमार गिरी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार वह वारदात के बाद फरार होने की फिराक में था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की तैयारी की जा रही है।
नशे और पारिवारिक विवाद पर एसएसपी की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने घटना को अत्यंत गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि नशे की लत और पारिवारिक विवाद किस तरह गंभीर अपराध का रूप ले सकते हैं, यह घटना उसका दुखद उदाहरण है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने, पारिवारिक विवादों को बातचीत और समझदारी से सुलझाने तथा विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की। रायगढ़ पुलिस ने मामले में गंभीरता से विवेचना कर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।







