सीपत

सीपत पुलिस का बड़ा खुलासा, हिण्डाडीह चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 5.60 लाख के जेवर-नकदी बरामद

बिलासपुर – सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम हिण्डाडीह में हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई पूरी संपत्ति भी बरामद कर ली गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया श्यामकली मरावी 38 वर्ष निवासी हिण्डाडीह ने 22 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने घर में ताला लगाकर गांव में आयोजित एक शादी कार्यक्रम में गई थीं। रात करीब 7:30 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर व नगदी रकम चोरी हो चुकी है। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 5 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी सीपत ने टीम गठित कर संदिग्धों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान संदेह के आधार पर रामेश्वर यादव 19 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभ में आरोपी ने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी रोहित दास मानिकपुरी उर्फ राहुल 27 वर्ष के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने घर सूना देखकर वारदात को अंजाम दिया और चोरी का सामान जमीन में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने का मंगलसूत्र, हार, लॉकेट, झुमका, चांदी के पायल, करधन, चूड़ा, गौफला माला, बिछिया सहित नगदी 14 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

BREAKING