बिलासपुर:- विश्व पशु चिकित्सा दिवस पर 24 अप्रैल को फ्री रेबीज टीकाकरण शिविर, जिले भर के पशु चिकित्सालयों में लगेगा कैंप

बिलासपुर – में विश्व पशु चिकित्सा दिवस के अवसर पर पशु चिकित्सा विभाग द्वारा 24 अप्रैल को जिले भर में निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य पशुओं के साथ-साथ लोगों को भी रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित करना है। विभाग ने सभी पशुपालकों से अपने पालतू पशुओं को नजदीकी पशु चिकित्सालय में लाकर टीकाकरण कराने की अपील की है।संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, जिला बिलासपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार हर वर्ष अप्रैल माह के अंतिम शनिवार को विश्व पशु चिकित्सा दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष यह दिवस 25 अप्रैल 2026 को मनाया जाएगा।इस अवसर पर 24 अप्रैल को जिले के सभी पशु चिकित्सालयों में निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर लगाया जाएगा। इस वर्ष की थीम “पशु चिकित्सक भोजन एवं स्वास्थ्य के संरक्षक” रखी गई है, जो खाद्य सुरक्षा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और पशु कल्याण में पशु चिकित्सकों की अहम भूमिका को दर्शाती है।विभाग ने बताया कि रेबीज और अन्य जूनोटिक बीमारियों से मानव जीवन की सुरक्षा में पशु चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। साथ ही किसानों को पशु स्वास्थ्य और पशु सेवाओं से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी।विभाग द्वारा पशु एम्बुलेंस 1962 के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने पशुओं को नजदीकी केंद्र में ले जाकर निःशुल्क टीका लगवाएं और समाज को रेबीज मुक्त बनाने में सहयोग करें।


