बिलासपुर

बच्चे को पीटने से रोका तो युवक पर हथियार से हमला…आतंक फैलाने चाकू लेकर दौड़ाया, तारबाहर में हुई घटना,

बिलासपुर – तारबाहर थाना क्षेत्र में मोहर्रम के दौरान बच्चे के साथ मारपीट करने से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोपी ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लोहे की नुकीली वस्तु से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी चाकू लेकर पीड़ित को दौड़ाने लगा। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी आदिल खान निवासी तालापारा, फैजुलरजा मदरसा के पास थाना सिविल लाइन बिलासपुर ने शिकायत दर्ज कराई है। प्रार्थी एसी-फ्रिज रिपेयरिंग का काम करता है। उसने बताया कि 25 जून 2026 की रात करीब 8.30 बजे वह अपने दोस्त अशरफ अली और साहिल के साथ मोहर्रम उत्सव देखने तारबाहर बस्ती गया था। इसी दौरान शेख गफ्फार के घर के सामने काफी भीड़ लगी हुई थी।
इसी बीच वहां रहने वाला आदिल कुरैशी एक बच्चे के साथ मारपीट कर रहा था। बच्चा बचने के लिए प्रार्थी के पास आकर गिर गया। इस पर आदिल खान ने आरोपी को बच्चे के साथ मारपीट करने से मना किया। बात से नाराज आरोपी ने उसे तू कौन होता है बीच में आने वाला कहते हुए मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोप है कि आरोपी ने हाथ-मुक्के से मारपीट करते हुए अपने पास रखी लोहे की नुकीली वस्तु से प्रार्थी के सिर के पीछे वार कर दिया। हमले में प्रार्थी के सिर, पीठ और छाती में चोट आई। घायल युवक वहां से बचकर भागने लगा तो आरोपी चाकू लेकर उसके पीछे दौड़ पड़ा।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी आदिल कुरैशी के खिलाफ धारा 115(2), 118(1), 296 और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

BREAKING