मल्हार के कनकन कुएं में समाया ईश्वर यादव, 52 वर्षीय ग्रामीण की दर्दनाक मौत, मेला चौक में मचा हड़कंप

भुवनेश्वर बंजारे
मल्हार के कनकन कुएं में समाया ईश्वर यादव, दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप, पुलिस जुटी जांच में
मल्हार – चौकी क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में कुएं में गिरने से 52 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। घटना मेला चौक स्थित कनकन कुएं की है। मृतक की पहचान मल्हार के वार्ड क्रमांक 12, नईयापारा निवासी ईश्वर यादव के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7 बजे ईश्वर यादव अपने एक साथी के साथ कनकन कुएं के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक वह कुएं में गिर गया और गहरे पानी में चला गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल आसपास के ग्रामीणों और मल्हार पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कुएं में ईश्वर यादव की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उसे गहरे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को मस्तूरी स्थित मर्च्यूरी भेज दिया। वही आशंका जताई जा रही है कि ईश्वर शराब के नशे में होने के कारण गहरे कुआं के पानी में गिर गया होगा। फिलहाल मल्हार पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। कुएं में गिरने की परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।





