बिलासपुर

पहचान छिपाकर बनाया प्रेमजाल… अश्लील वीडियो से 10 लाख की उगाही की कोशिश, पुलिस ने दर्ज किया मामला

बिलासपुर – शहर में साइबर ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती पर अपनी पहचान छिपाकर खुद को युवक बताने, युवती से दोस्ती करने और उसका अश्लील वीडियो हासिल कर ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। रकम नहीं मिलने पर कथित वीडियो परिजनों को भेजने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।तारबाहर थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी रिश्ते की बहन से आरोपी युवती ने अपनी असली पहचान छिपाकर खुद को युवक बताकर बातचीत शुरू की थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता का अश्लील वीडियो अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपये की मांग की। शिकायत के अनुसार, जब ब्लैकमेलिंग के बावजूद रकम नहीं दी गई तो आरोपी ने 7 फरवरी 2025 को कथित अश्लील वीडियो पीड़िता के परिजन के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिया। वीडियो देखकर परिजन ने उसे तत्काल डिलीट कर दिया, लेकिन उससे संबंधित स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखकर पुलिस को सौंप दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तारबाहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ लज्जा संरक्षण अधिनियम की धारा 67ए तथा बीएनएस की धारा 308(3) और 79 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका के साथ-साथ ब्लैकमेलिंग के पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।

BREAKING