Uncategorized

ड्यूटी पर जा रहे प्रधान आरक्षक की बाइक को तेज रफ्तार माजदा ने मारी टक्कर, आरोपी चालक मौके से फरार, पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – न्यायधानी में सड़क हादसे में हिर्री थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक धनसूसाय पैकरा गंभीर रूप से घायल हो गए। वह गुरुवार सुबह अपने घर कोनी से बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के लिए हिर्री थाना जा रहे थे। इसी दौरान हाईकोर्ट के गेट नंबर-2 के पास छतौना मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार माजदा वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रधान आरक्षक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर पर चोट आई है, जबकि एक पैर फ्रैक्चर हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक धनसूसाय पैकरा गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे अपनी बाइक क्रमांक CG 14 B 3296 से कोनी स्थित घर से हिर्री थाना के लिए निकले थे। वह अभी हाईकोर्ट गेट नंबर-2 के पास छतौना मोड़ पर पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे माजदा वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रधान आरक्षक को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया। यहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार किया जा रहा है। हादसे में सिर पर चोट लगने के साथ ही उनका एक पैर फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।

हादसे के बाद माजदा चालक फरार

दुर्घटना के बाद माजदा वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। ड्यूटी पर जा रहे पुलिसकर्मी के साथ हुए इस हादसे से पुलिस महकमे में चिंता का माहौल है। अब फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई पर नजर है।

BREAKING