मस्तूरी

गतौरा शराब दुकान पर आधी रात नकाबपोशो का खूनी धावा: गार्ड पर चाकू से हमला, बांधकर लूट ले गए शराब और CCTV का DVR

बिलासपुर – जिले के मस्तूरी क्षेत्र के गतौरा स्थित कंपोजिट शराब दुकान में सोमवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब 4 नकाबपोश लुटेरों ने दुकान पर धावा बोल दिया। लुटेरों ने पहले दुकान की सुरक्षा में तैनात गार्डों पर हमला किया, एक गार्ड को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और दोनों गार्डों को बांधकर लाकर तोड़ने की कोशिश की। लाकर नहीं खुलने पर बदमाश करीब 25 हजार रुपये की शराब, गार्ड का मोबाइल फोन और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर सहित कुल करीब 85 हजार रुपए को लेकर फरार हो गए।मस्तूरी थाना प्रभारी कृष्णचन्द सिदार के अनुसार, घटना रात करीब दो बजे की है। गार्ड हरकुमार ने पुलिस को बताया कि 4 नकाबपोश युवक अचानक शराब दुकान के पास पहुंचे और लूटपाट का प्रयास करने लगे। हरकुमार ने उनका विरोध किया तो दूसरा गार्ड शैलेंद्र भी उसकी मदद के लिए सामने आ गया। दोनों गार्डों के प्रतिरोध से घबराए डकैतों ने हरकुमार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाशों ने दोनों गार्डों को रस्सी से बांध दिया। गार्डों को बंधक बनाने के बाद आरोपी दुकान के भीतर घुस गए और कटर की मदद से लाकर काटने का प्रयास किया। काफी देर मशक्कत के बावजूद जब लाकर नहीं खुला तो बदमाश वहां रखी करीब 25 हजार रुपये की शराब, गार्ड का मोबाइल फोन और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर उठाकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद दोनों गार्ड किसी तरह बंधन से मुक्त हुए और आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद मस्तूरी पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, एसीसीयू की टीम और साइबर एक्सपर्ट मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल गार्ड से पूछताछ करने के साथ ही आसपास के गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही टावर डंप और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। गौरतलब है कि करीब नौ साल पहले भी मस्तूरी क्षेत्र की शराब दुकान में लूटपाट का प्रयास हुआ था। उस दौरान बदमाशों ने फायरिंग भी की थी और पुलिस ने बाद में आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब एक बार फिर गतौरा शराब दुकान में हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

BREAKING