रात में घर से निकला 19 साल का युवक… फिर लाठी-डंडों से बरसी मौत, चार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर – सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम लोखंडी में 19 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक ने रायपुर के डीकेएस अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाठी-डंडे भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम लोखंडी निवासी शेख इस्माईल 19 वर्ष 7 सितंबर की रात करीब 9 बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे। इसी बीच रात करीब एक बजे परिवार को सूचना मिली कि गांव के कुछ युवकों ने शेख इस्माईल के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की है।

आरोपियों ने हाथ-मुक्का और लाठी-डंडों से उस पर हमला किया, जिससे उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घायल युवक को डायल-112 की सहायता से तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। युवक की हालत गंभीर होने पर उसे आगे उपचार के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया। इधर, उसकी मां की रिपोर्ट पर सकरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 839/2026 दर्ज कर धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इलाज के दौरान 12 सितंबर को शेख इस्माईल की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्रकरण में हत्या सहित अन्य धाराएं बढ़ाते हुए धारा 103(2) और 324 बीएनएस जोड़ी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने अक्षय कुमार गढ़ेवाल 21 वर्ष, प्रदुम श्रीवास उर्फ पदुम 29 वर्ष, दिलीप कुमार निर्मलकर 32 वर्ष और गोविंद पटेल उर्फ दौलत 22 वर्ष को गिरफ्तार किया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी जब्त किए हैं। मामले की विवेचना जारी है।


