शराब के पैसे नहीं दिए तो ठेका श्रमिक पर चाकू से हमला, नहर रोड पर वारदात; सीपत पुलिस ने एक आरोपी सहित 2 नाबालिग दबोचे

बिलासपुर – सीपत थाना क्षेत्र में ठेका श्रमिक को रास्ते में रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने और रकम नहीं देने पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया है। कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, एनटीपीसी सीपत में आनंद कुमार सिंघानिया सिविल कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर अखिलेश यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी में काम करने वाले श्रमिक ग्राम जांजी स्थित लेबर कॉलोनी में रहते हैं। 11 सितंबर को श्रमिक असहद अली काम खत्म होने के बाद सब्जी लेकर पैदल लेबर कॉलोनी लौट रहे थे। इसी दौरान नहर रोड पर चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने असहद अली से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। श्रमिक ने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत पर सीपत पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम जांजी निवासी समीर सारथी 18 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने तीन अन्य नाबालिग के साथ मिलकर श्रमिक से मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने एक नाबालिग के कब्जे से धारदार हथियार बरामद किया। मामले में समीर सारथी समेत दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने प्रकरण में आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है।


