जांजगीर चाँपा

BDG ऐप से चलता था हाईटेक सट्टा रैकेट… मास्टर एडमिन समेत छह गिरफ्तार,

जांजगीर-चांपा – साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए BDG ऐप के जरिए संचालित अंतरजिला और स्थानीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में मास्टर एडमिन समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के मोबाइल से सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट, व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। जांच में सट्टे के लेन-देन में USDT यानी क्रिप्टो डिजिटल करेंसी के इस्तेमाल का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार साइबर थाना जांजगीर को सूचना मिली थी कि न्यू चंदनियापारा लिंक रोड निवासी हेमलाल यादव उर्फ सोनू मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना पर टीम ने दबिश दी। पूछताछ में हेमलाल ने BDG ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े होने और उसे आईडी शैलेंद्र कुमार शर्मा से मिलने की जानकारी दी।तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शैलेंद्र कुमार शर्मा उर्फ शैलू को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि शैलेंद्र BDG ऐप की मास्टर आईडी और लिंक व्हाट्सएप के जरिए दूसरे लोगों तक पहुंचाता था। नेटवर्क में नीचे नए लोगों को जोड़ने और उनके द्वारा सट्टे में पैसा लगाने पर एडमिन को कमीशन मिलता था। पुलिस ने शैलेंद्र की निशानदेही पर महेश प्रसाद राठौर, राकेश कुमार राठौर, दुर्गेश कुमार राठौर और हीरालाल यादव को भी गिरफ्तार किया। जांच में शैलेंद्र द्वारा करीब 20 लाख रुपये का ऑनलाइन सट्टा खेले जाने तथा कई लोगों को इस नेटवर्क से जोड़ने की जानकारी मिली है। वहीं आरोपियों के खातों में 30 लाख रुपये से अधिक के लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। पुलिस को व्हाट्सएप चैट के साथ USDT के जरिए पैसों के लेन-देन के भी सबूत मिले हैं। दूसरे राज्य से नेटवर्क के कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 और बीएनएस की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन सट्टा, जुआ और संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने से बचने की अपील की है।

BREAKING