कोटा में बिजली का कहर: अलग-अलग गांवों में गिरी गाज, तीन किसानों की मौत

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – जिले के कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ा और तेज बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने तीन जिंदगियां छीन लीं। दो अलग-अलग गांवों में हुए हादसों में तीन किसानों की झुलसने से मौत हो गई। एक साथ तीन मौतों से पूरे कोटा अंचल में शोक की लहर है। मिली जानकारी के अनुसार पहला मामला ग्राम मानपुर में हुआ। जहा ग्राम मानपुर निवासी जागेश्वर जगत पिता स्व. रामाधार जगत, उम्र 45 वर्ष, बुधवार शाम अपने खेत में मेढ़ बांधने गया था। उसके साथ गांव का ही एक अन्य व्यक्ति भी था। शाम करीब 5 बजे अचानक तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश तेज होने पर जागेश्वर भीगने से बचने के लिए खेत के मेड़ पर लगे एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया। कुछ ही देर बाद तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी पेड़ पर आ गिरी। करंट की चपेट में आकर जागेश्वर वहीं जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसी तरह दूसरा हादसा ग्राम लखोदना के पास हुआ। जहा शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच बारिश हो रही थी। इसी दौरान दो किसान अपने खेत की ओर जा रहे थे। अचानक खुले खेत में गाज गिर गई और दोनों उसकी सीधी चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान मन्ना यादव (41 वर्ष) पिता माखन यादव, निवासी ग्राम लखोदना और कुंजराम यादव (45 वर्ष) पिता गंगाराम यादव, निवासी ग्राम नवाडीह, थाना बेलगहना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी लखोदना गांव में ही हुई थी और दोनों आपस में साढ़ू थे। हादसे के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने दोनों को उठाकर तत्काल कोटा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक दोनों की सांसे थम चुकी थीं। इधर सूचना मिलते ही कोटा पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिलासपुर चीरघर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंपे जाएंगे।





