Uncategorized

जांजगीर-चांपा में पटाखों का जखीरा जब्त – रिहायशी इलाके में छुपा रखे थे 8.56 लाख के अवैध पटाखे, आरोपी गिरफ्तार..

भुवनेश्वर बंजारे

जांजगीर-चांपा – जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ बलौदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 176 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में 52 वर्षीय आरोपी दीपक कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। रिहायशी इलाके में पटाखों का अवैध भंडारण किए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को बलौदा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मकान में अलग-अलग कार्टूनों में भरकर रखे गए विभिन्न प्रकार के पटाखे मिले। पुलिस ने पटाखों की गिनती और आवश्यक कार्रवाई के बाद करीब 176 किलोग्राम पटाखों को जब्त कर लिया। बरामद पटाखों की कुल अनुमानित कीमत 8.56 लाख रुपये आंकी गई है।

नैला निवासी आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार अग्रवाल 52 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04, नैला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस अब अवैध भंडारण और बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस कार्रवाई में बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, निरीक्षक सुशील पटेल, साइबर थाना के एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर सहित बलौदा थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

BREAKING