तिफरा में बुजुर्ग मजदूर से दिनदहाड़े लूट, आरोपी फरार सिरगिट्टी पुलिस जुटी जांच में..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा ओवरब्रिज के नीचे विशाल ट्रेडर्स के सामने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग से लूट का मामला सामने आया है। आरोप है कि काला पात्रे और उसके अन्य साथियों ने बुजुर्ग को घेरकर उनकी जेब में रखे 3 हजार नकद और रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध के दौरान आरोपियों ने बुजुर्ग को जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने काला पात्रे और उसके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मजदूरी के रुपये लेकर घर लौट रहे थे बुजुर्ग
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यदुनंदन नगर तिफरा निवासी राम प्रकाश पाण्डेय व्यापार विहार स्थित चंद्रा आलू एंड कंपनी में काम करते हैं। 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे उन्होंने दुकान से अपनी मजदूरी के 3 हजार लिए थे। इसके बाद उनके सेठ यश वाधवानी उन्हें मोटरसाइकिल से महाराणा चौक तक छोड़ गए। वहां से बुजुर्ग पैदल रेलवे पटरी पार कर विशाल ट्रेडर्स की ओर से अपने घर जा रहे थे।
लात मारकर गिराया, सिर और चेहरे पर चोट
दोपहर करीब 3:45 बजे जब राम प्रकाश पाण्डेय तिफरा ओवरब्रिज के नीचे विशाल ट्रेडर्स के सामने पहुंचे, तभी मिनी बस्ती निवासी काला पात्रे अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि सभी ने एकराय होकर बुजुर्ग को पकड़ लिया और उनकी शर्ट की जेब में रखे 3 हजार नकद तथा करीब 7 हजार कीमत का रेडमी मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद काला पात्रे ने बुजुर्ग की कमर के पास पीछे से लात मारी, जिससे वह मुंह के बल जमीन पर गिर पड़े। गिरने से उनके सिर, दाहिनी आंख, नाक, मुंह, दाहिनी कोहनी, कलाई और बाएं हाथ की उंगलियों में चोटें आईं।
डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचे
वारदात के बाद आरोपी नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस सहायता से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और घटना की जांच शुरू कर दी है।


