लोहर्सी में खूनी वारदात, पोते ने लकड़ी के खुरा से दादी की कर दी हत्या..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी सतनामी पारा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। बाहर आने-जाने से मना करने की बात से नाराज पोते ने अपनी ही 65 वर्षीय दादी के सिर पर लकड़ी के खुरा से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने फोन कर अपने पिता को हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाहर आने-जाने से रोकती थी दादी, इसी बात पर कर दी हत्या
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतिका नरबद कोशले पति स्व. तिरिथ राम कोशले ग्राम लोहर्सी सतनामी पारा में रहती थीं। 2 नवंबर की रात करीब 10:22 बजे उनके भाई भागवत महिलांगे को उनके भांजे सजन कोशले का फोन आया। सजन ने बताया कि उसके बेटे मृत्युजय कोशले उर्फ बब्बू कोशले ने फोन कर अपनी दादी नरबद कोशले की हत्या करने की जानकारी दी है। आरोपी ने फोन पर बताया कि उसकी दादी उसे हमेशा बाहर आने-जाने से मना करती थीं। इसी बात से नाराज होकर उसने लकड़ी के खुरा से दादी के सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी।
खिड़की से देखा तो खाट पर खून से लथपथ पड़ी थीं वृद्धा
हत्या की सूचना मिलने पर मृतिका का भाई भागवत महिलांगे अपने पड़ोसियों सुनील बंजारे और सुखसागर भारद्वाज के साथ भांजे सजन कोशले के घर पहुंचा। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पीछे की खिड़की से झांककर देखा तो नरबद कोशले खाट पर उल्टी पड़ी थीं और उनके पैर दिखाई दे रहे थे। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आवाज देकर दरवाजा खुलवाया। अंदर जाने पर नरबद कोशले खाट पर मृत अवस्था में मिलीं। उनके सिर में गंभीर चोट थी और खून बह रहा था।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
परिजनों की सूचना पर पचपेड़ी पुलिस ने मर्ग क्रमांक 72/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला कायम कर शव पंचनामा की कार्रवाई शुरू की है। इस घटना ने गांव में सनसनी फैला दी है। मामूली बात पर अपनी ही दादी की हत्या किए जाने की घटना से ग्रामीण स्तब्ध हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


