न्यायधानी में बदमाशों के हौसले बुलंद, तारबाहर मे दिनदहाड़े मोबाइल झपटकर फरार…

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – न्यायधानी में बाइक सवार बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। शहर के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े मोबाइल झपटमारी की वारदात सामने आई है। तारबाहर थाना क्षेत्र में काली रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश चलती बाइक से युवक का मोबाइल झपटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, देवरीखुर्द वार्ड क्रमांक 44 निवासी रमेश कुमार कुर्रे 24 नवंबर को अपने साथी फागूराम पटेल के साथ मोटरसाइकिल से बिलासपुर आया था। दोपहर करीब 3 बजे दोनों रविंद्रनाथ टैगोर चौक से अग्रसेन चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेंट्रल प्वाइंट होटल और प्रीत होटल के बीच पीछे से काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पहुंचे। उन्होंने अपनी बाइक पीड़ित की मोटरसाइकिल के बराबर में लगा दी। इससे पहले कि रमेश कुछ समझ पाता, बाइक के पीछे बैठे युवक ने चलती मोटरसाइकिल से उसके शर्ट की ऊपरी जेब में रखा मोबाइल झपट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी प्रीत होटल के बाजू वाली गली से तेजी से फरार हो गए। पीड़ित और उसके साथी ने आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए।
पीड़ित ने तारबाहर थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और 304 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।



